सलोन में आलू व्यापारी को बदमाशों ने बनाया निशाना, रॉड से हमला कर नकदी व सोने की चेन लूटी
रायबरेली। सलोन कोतवाली क्षेत्र में देर शाम आलू व्यापारी के साथ मारपीट कर लूटपाट किए जाने का मामला सामने आया है। रामीपुर निवासी दिवाकर पटेल नवीन कृषि मंडी से आलू बेचकर बाइक से घर लौट रहे थे। हवेली रेस्टोरेंट के पास उसरी माइनर मार्ग पर पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें घेरकर बाइक से गिरा दिया।
आरोप है कि बदमाशों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिवाकर पटेल से 40 हजार रुपये नकद और करीब दस तोले की सोने की चेन लूट ली। बदमाशों ने दूसरी जेब में रखे एक लाख रुपये छीनने का भी प्रयास किया। व्यापारी की चीख-पुकार सुनकर हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना में घायल व्यापारी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है