घरेलू विवाद ने लिया खूनी रूप, पति ने डंडे से वार कर पत्नी की हत्या
बछरावां, रायबरेली। थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव में बुधवार सुबह पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि पति रामनाथ ने अपनी पत्नी विद्यावती के सिर पर डंडे से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल विद्यावती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बछरावां पहुंचाया गया।
सीएचसी में प्राथमिक परीक्षण के दौरान चिकित्सक डॉ. भावेश यादव ने विद्यावती को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मंगलवार रात भी विद्यावती और उनके पति रामनाथ के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बुधवार सुबह उसी बात को लेकर दोनों के बीच दोबारा कहासुनी हुई। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर पति द्वारा पत्नी के सिर पर डंडे से वार किए जाने का आरोप है।
घटना की सूचना मिलते ही बछरावां पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है
घटना को लेकर पुलिस की जांच जारी है और मामले के अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।