न्याय पंचायत स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया दमखम, प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत
रायबरेली विकास क्षेत्र दीनशाह गौरा के अंतर्गत थुलरई न्याय पंचायत स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन कंपोजिट विद्यालय सूरजपुर बनापार में किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ गौरा अध्यक्ष शैलेश पांडेय ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रतियोगिता के अंतर्गत प्राथमिक स्तर की बालक वर्ग की 50 मीटर दौड़ में नरेंद्र, 100 मीटर में निखिल, 200 मीटर में महेंद्र तथा 400 मीटर दौड़ में रोहन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग की 50 मीटर दौड़ में रिया, 100 मीटर में रागिनी, 200 मीटर में दिव्या तथा 400 मीटर दौड़ में रागिनी ने प्रथम स्थान हासिल किया।
जूनियर स्तर की बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में साहिल, 200 मीटर में शिवेंद्र तथा 400 मीटर दौड़ में आदित्य ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग की 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़ में रीना तथा 400 मीटर दौड़ में माही ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
टीम स्पर्धाओं में प्राथमिक स्तर की बालक वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय थुलरई की टीम विजेता रही, जबकि खो-खो प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय बनापार की टीम ने जीत दर्ज की।
समापन अवसर पर गौरा अध्यक्ष शैलेश पांडेय ने विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं बेहद आवश्यक हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, सहयोग और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक त्रिलोकी शरण सिंह ने सभी प्रतिभागी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का संचालन नोडल शिक्षक संकुल मनीष दीक्षित एवं अमित सिंह ने किया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों और शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर गौरा मंत्री अखिलेश कुमार, एसआरजी सुनील यादव, राहुल मौर्य, अनूप सिंह, नीरज पाल, अंजना चंद्रा, रेखालता यादव, रीता बाजपेयी, अनूप कुमार, विजयलक्ष्मी मौर्य, कुंवरजी यादव, राहुल द्विवेदी, रोशन सिंह, सिद्धनाथ, धर्मेंद्र कुमार, धीरेंद्र कुमार, राजकुमार सिंह, विनय तिवारी, राजेंद्र निर्मल, रविंद्र सिंह सहित अन्य शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।