मनगढ़ धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के ई-रिक्शा की डीसीएम से भिड़ंत, एक की मौत, छह घायल
ऊंचाहार, रायबरेली। प्रतापगढ़ के मनगढ़ धाम से दर्शन कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं का ई-रिक्शा शुक्रवार शाम अरखा प्लाई फैक्ट्री के पास सड़क किनारे खड़े डीसीएम से टकरा गया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर डीसीएम को कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, ऊंचाहार देहात के पूरे चौहान मजरे निवासी धनराज (50) अपनी पत्नी विद्यावती (50) और रिश्तेदारों के साथ शुक्रवार को प्रतापगढ़ जिले के कुंडा स्थित मनगढ़ धाम दर्शन करने गए थे। उनके साथ देवसरे निवासी राजू (45), उनकी पत्नी शर्मिला (40), प्रतापगढ़ के धुरिया निवासी संजय सिंह (37), अमेठी के जायस क्षेत्र निवासी विद्यावती (58) और उन्नाव के रामखेड़ा निवासी बिटाना भी ई-रिक्शा में सवार थे।
दर्शन के बाद सभी लोग शाम को घर लौट रहे थे। इसी दौरान अरखा प्लाई फैक्ट्री के पास सामने से आ रहे वाहन से बचने के प्रयास में ई-रिक्शा सड़क किनारे खड़े डीसीएम से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा में सवार सभी लोग घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने राजू को मृत घोषित कर दिया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अतुल पांडेय ने बताया कि राजू को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था, जबकि धनराज और शर्मिला को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
कोतवाल मनबोध तिवारी ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में शामिल डीसीएम को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।