डंपर-बाइक की भीषण भिड़ंत, पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत; टक्कर के बाद डंपर में लगी आग
रायबरेली गदागंज थाना क्षेत्र के बरारा बुजुर्ग चौराहे पर रविवार शाम लगभग 10 बजे डंपर और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और डंपर में आग लग गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि गांव में मातम छा गया।
जानकारी के अनुसार, खोदाएपुर मजरे बरारा बुजुर्ग निवासी शिवम 20 वर्ष अपने पिता इंद्रपाल 50 वर्ष के साथ रेलवे स्टेशन से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान ऊंचाहार की ओर से राख लादकर तेज गति से आ रहे डंपर ने बरारा बुजुर्ग चौराहे पर उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। टक्कर के बाद बाइक और डंपर में आग लग गई। घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
इस संबंध में गदागंज थाना प्रभारी बालेन्दु गौतम ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है