रायबरेली में बुजुर्ग के साथ दबंगई, गाली-गलौज के बाद बेरहमी से की पिटाई; CCTV वीडियो वायरल
रायबरेली। जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में एक बुजुर्ग के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक शख्स तख्त पर बैठे बुजुर्ग के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करता दिखाई दे रहा है।
बताया जा रहा है कि घटना बस स्टॉप के पास की है। जिस वक्त यह घटना हुई, उस समय बुजुर्ग तख्त पर बैठकर अखबारों की गिनती कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति वहां पहुंचा और बुजुर्ग के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावर ने बुजुर्ग के दोनों कान खींचे और उनके साथ मारपीट की।
इतना ही नहीं, आरोपी पर गाड़ी से रॉड निकालकर हमला करने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है।
फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे सीसीटीवी वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान और कार्रवाई की जानकारी सामने आने का इंतजार है।