छठ पर्व को लेकर रायबरेली पुलिस अलर्ट, एसपी रवि कुमार ने राजघाट और शहीद स्मारक घाट का किया निरीक्षण
रायबरेली। छठ पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रायबरेली पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में सोमवार सुबह पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम एवं सीओ सिटी आशीष निगम के साथ कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित राजघाट और शहीद स्मारक घाट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, पुलिस बल की तैनाती और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए पर्व के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग की ओर से छठ पर्व पर घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए समुचित इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है