कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने घाटों का किया निरीक्षण
रायबरेली। आगामी कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर जिले के प्रमुख गंगा घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं के स्नान के लिए पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। जिलाधिकारी सरनीत कौर ने गंगा घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने डलमऊ, गेगासों, ऊंचाहार स्थित गोकना गंगा घाट सहित लालगंज घाट पर विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को घाटों पर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, चेंजिंग रूम और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा।
डीएम ने संपर्क मार्गों की मरम्मत कराने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्तिक पूर्णिमा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।
इस दौरान एसडीएम, पुलिस विभाग एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक ढंग से गंगा स्नान कराना है।