रायबरेली में तेज रफ्तार वैन डिवाइडर से टकराई, चालक की मौत; 11 श्रद्धालु गंभीर घायल
रायबरेली। गंगा एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। महाराष्ट्र से वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की वैन जगतपुर थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में वैन चालक की मौत हो गई, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि सफर के दौरान चालक को झपकी आ गई, जिसके चलते वाहन से नियंत्रण हट गया और वैन डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। वैन में सवार सभी लोग महाराष्ट्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।