गांधी पार्क में 11 वर्षीय बालिका से छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज।
शाहजहाँपुर। थाना कोतवाली पुलिस ने जनसहयोग से पार्क में खेल रही एक 11 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ छेड़छाड़ करने वाले 63 वर्षीय अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
क्या है पूरा मामला? प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार (26 जुलाई) सुबह करीब 08:30 बजे 11 वर्षीय बालिका गांधी पार्क में खेलने गई थी। आरोप है कि वहाँ पहले से मौजूद मोहम्मद सिद्दीकी (63 वर्ष) निवासी मोहल्ला मोहम्मद ज़ई, थाना कोतवाली ने बालिका को जबरन पकड़कर उसके साथ अश्लील हरकत व छेड़छाड़ की।
घटना को पार्क में मौजूद लोगों ने देख लिया और आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। वादी एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से आरोपी को तत्काल थाना कोतवाली लाया गया।
पुलिस की कार्रवाई। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मु०अ०सं० 256/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75(2) तथा पॉक्सो अधिनियम (POCSO Act) की धारा 9M/10 के अंतर्गत मामला पंजीकृत किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत उप-निरीक्षक कुमार गौरव एवं कांस्टेबल रोहित कुमार की टीम ने अभियुक्त को नियमानुसार हिरासत में लेकर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।