शाहजहांपुर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का आयोजन: 139 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में।


शाहजहांपुर। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित ‘मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना’ के अंतर्गत सोमवार (27 जुलाई 2026) को जनपद शाहजहांपुर के माधव मैरिज लॉन (जैतीपुर) एवं स्टार मैरिज लॉन (जलालाबाद) में सामूहिक विवाह कार्यक्रम भव्य रूप से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में कटरा विधानसभा क्षेत्र से 69 जोड़ों (64 हिंदू एवं 5 मुस्लिम) तथा जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र से 70 जोड़ों (68 हिंदू एवं 2 मुस्लिम) का विवाह कराया गया। इस प्रकार कुल 139 नवयुगल परिणय सूत्र में बंधे। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को उपहार व आशीर्वाद देकर उनके सुखद दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में कटरा विधायक वीर विक्रम सिंह ‘प्रिंस’ एवं जलालाबाद विधायक हरि प्रकाश वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इसके अलावा क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष (जैतीपुर, खुदागंज, कटरा, जलालाबाद, मिर्जापुर एवं कलान), नगर पंचायत अध्यक्ष (खुदागंज, कटरा, जलालाबाद, अल्हागंज), उपजिलाधिकारी (तिलहर एवं जलालाबाद), संबंधित अधिशासी अधिकारी, खंड विकास अधिकारी तथा जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
समारोह को सफल बनाने में खंड विकास अधिकारी खुदागंज, जैतीपुर, जलालाबाद, कलान, मिर्जापुर तथा नगर पंचायत खुदागंज, कटरा, जलालाबाद, अल्हागंज, अधिकारियों कर्मचारियों एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय शाहजहांपुर के विभागीय कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार शर्मा द्वारा सभी अतिथियों व सहयोगियों का आभार एवं धन्यवाद ज्ञापन किया गया।