राहुल गांधी पर कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ कांग्रेस ने एफआईआर की मांग
रायबरेली। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष बुद्धीलाल पासी के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग की है। गुरुवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी अपने एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं के साथ शहर कोतवाली पहुंचे और पुलिस से विधिक कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार पासी द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 30 जुलाई को हाथी पार्क में आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धीलाल पासी ने रायबरेली के सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक एवं अभद्र टिप्पणी की। साथ ही उन्हें रायबरेली में प्रवेश नहीं करने देने की धमकी भी दी गई।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि इस प्रकार की बयानबाजी सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने और राजनीतिक तनाव उत्पन्न करने का प्रयास है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई किए जाने की मांग की।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी भी जनप्रतिनिधि के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग और धमकी देना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने प्रशासन से कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की