नवागत खंड शिक्षा अधिकारी का शिक्षक संघ ने किया भव्य स्वागत
शैक्षिक गुणवत्ता और बच्चों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देने का दिया भरोसा
रायबरेली- ब्लॉक संसाधन केन्द्र दीनशाह गौरा में बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, शाखा गौरा की ओर से नवागत खंड शिक्षा अधिकारी सुधा वर्मा का आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया। संगठन के अध्यक्ष शैलेश पांडे के नेतृत्व में पदाधिकारियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया और सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी सुधा वर्मा ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं मानक के अनुरूप शिक्षा उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा और सर्वांगीण विकास को केंद्र में रखते हुए विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक वातावरण तैयार किया जाएगा। इसके लिए सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का सहयोग आवश्यक है।
शिक्षक संघ के अध्यक्ष शैलेश पांडे ने नवागत खंड शिक्षा अधिकारी का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन शिक्षक हितों के साथ-साथ परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि खंड शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन और शिक्षकों के सहयोग से दीनशाह गौरा क्षेत्र में शैक्षिक गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विभागीय कार्यों एवं शैक्षिक सुधार में संगठन की ओर से हरसंभव सकारात्मक सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में संगठन के मंत्री अखिलेश कुमार, संरक्षक त्रिलोकी शरण सिंह, जिला उपाध्यक्ष उमेश त्रिवेदी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरुनेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष दिलीप मिश्रा, संयुक्त मंत्री श्रीराम श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष श्याम सिंह, दिनेश मिश्रा, मनीष दीक्षित, नितिन सोनी, राहुल द्विवेदी, दीपक शुक्ला, राम अवध मौर्या, रविंद्र सिंह, गुंजन त्रिवेदी, कुंवर जी यादव सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।