गोवंशों की सुविधा में नहीं होगी कोई कमी: धूता गौशाला पहुंचीं डीएम, नई गौशाला का निर्माण जल्द पूरा कराने के दिए निर्देश
गदागंज रायबरेली जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने बृहस्पतिवार को विकास खंड जगतपुर के धूता स्थित जनपद की सबसे बड़ी गौशाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गौशाला में गोवंशों के लिए उपलब्ध चारा, पेयजल, साफ-सफाई और देखभाल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। साथ ही गौशाला में कार्यरत कर्मचारियों एवं मजदूरों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला परिसर के सामने करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन नई गौशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाकर इसे जल्द से जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि अधिक संख्या में निराश्रित गोवंशों को सुरक्षित आश्रय मिल सके।
गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने गोवंशों के लिए पंखे लगाने के निर्देश दिए। इस पर ग्राम प्रधान बलराम यादव ने बताया कि गौशाला में अभी तक बिजली का कनेक्शन नहीं हो सका है। उन्होंने बताया कि बिजली कनेक्शन के लिए एस्टीमेट तैयार कराया गया था, लेकिन अधिक लागत आने के कारण कार्य आगे नहीं बढ़ पाया।
इस पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी को तत्काल बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गौशाला में किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं होनी चाहिए और गोवंशों को चारा, पानी, उपचार सहित सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उनकी देखभाल में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ऊंचाहार विवेक राजपूत, खंड विकास अधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी, ग्राम प्रधान बलराम यादव सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे