परिवार परामर्श केंद्र ने बिखड़ते रिश्तों को संभाला, 02 जोड़ियों का कराया रोली-टीका कर विदा।

शाहजहाँपुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में मंगलवार को पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए विशेष काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 25 पत्रावलियों पर सुनवाई की गई, जिसमें आपसी मतभेदों को भुलाकर 02 दंपतियों ने एक-दूसरे के साथ फिर से रहने का फैसला किया। परामर्श केंद्र से दोनों जोड़ों को हंसी-खुशी विदा किया गया।
पहला मामला सेहरामऊ दक्षिणी थाना क्षेत्र का है, जहाँ एक वर्ष पूर्व परिणय सूत्र में बंधे दंपती के बीच खर्च के पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। आवेदिका का आरोप था कि पति खर्चा मांगने पर मारपीट व गाली-गलौज करता है, जिस कारण वह एक महीने से अपने मायके में रह रही थी। परामर्शदाताओं ने पति को समझाकर आगे से मारपीट न करने के लिए सहमत किया, जिसके बाद दोनों पक्षों ने सुलह कर ली।
वहीं दूसरा मामला थाना सदर बाजार का सामने आया, जहाँ 08 वर्ष पूर्व विवाहिता महिला का पति व सास-ससुर से विवाद हो गया था। दो बच्चों की माँ आवेदिका मारपीट के कारण एक सप्ताह से मायके में थी। केंद्र में पति व ससुराल पक्ष को बुलाकर वार्ता कराई गई। ससुराल पक्ष द्वारा भविष्य में मारपीट न करने का आश्वासन देने पर आवेदिका राजी हो गई और दोनों पक्ष साथ रहने को सहमत हुए। इस अवसर पर महिला परामर्शदाता हिमांशु श्रीवास्तव, महिला मुख्य आरक्षी चंद्रकांता शर्मा, महिला आरक्षी मोनिका कुमारी, शीतल चौहान, पिंकी, निशा मिश्रा तथा आरक्षी विनीत कुमार मौजूद रहे।