पुलिस का सप्ताहांत विशेष अभियान: ड्रंकन ड्राइविंग पर शिकंजा, 2081 वाहनों के कटे चालान।

शाहजहाँपुर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शाहजहाँपुर पुलिस ने सप्ताहांत में विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार व क्षेत्राधिकारी यातायात शुभम वर्मा के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
प्रभारी निरीक्षक यातायात बच्चू सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस ने जिले के प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थानों और टोल प्लाजाओं पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। 25 और 26 जुलाई 2026 की रात 8:00 बजे से 11:00 बजे तक मदनापुर, सिंधौली, खुटार और पुवायां क्षेत्र के टोल प्लाजा पर विशेष चेकिंग की गई। टोल प्लाजा पर वाहनों की गति धीमी होने के कारण ब्रेथ एनालाइजर से चालकों की गहन जांच की गई। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने परिवार सहित यात्रा कर रहे लोगों का हाल-चाल जाना और उनकी समस्याएं भी सुनीं।
अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 2081 वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई: ड्रंकन ड्राइविंग (शराब पीकर वाहन चलाने पर 19 चालान। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन संचालन करने पर 1133 तथा प्रेशर हॉर्न एवं हूटर का प्रयोग करने वाले बहनों के 60 चालान औरमॉडिफाइड साइलेंसर के 03, तथा अन्य यातायात उल्लंघन मिलने पर 866 कुल 2081 चालान कटे।
जन-जागरूकता और सुरक्षा अपील प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस अधिकारियों ने चालकों को यातायात नियमों के पालन हेतु प्रेरित किया। लोगों से अपील की गई कि: वाहन चलाते समय सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। निर्धारित गति सीमा का पालन करें और दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाएं।वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने से बचें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए इस तरह के चेकिंग व जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेंगे।