डीएम सरनीत कौर के निर्देश पर एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर बड़ा प्रहार, 40 गैस सिलेंडर जब्त
रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर के निर्देश पर एलपीजी गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी एवं अवैध रिफिलिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त छापेमारी अभियान के दौरान अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करते हुए 40 एलपीजी गैस सिलेंडर बरामद किए गए। मामले में संबंधित आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद की सदर, महराजगंज, सलोन, लालगंज एवं ऊंचाहार तहसीलों में उपजिलाधिकारियों की अध्यक्षता में विशेष जांच टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें गैस एजेंसियों के स्टॉक, वितरण व्यवस्था एवं आपूर्ति प्रणाली की नियमित निगरानी करेंगी, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर और पारदर्शी तरीके से एलपीजी गैस उपलब्ध हो सके।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एलपीजी गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी अथवा अवैध रिफिलिंग जैसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।