बाइक की किश्त पिता से जबरन वसूली में जमीन बेचने का पुत्र ने बनाया दबाव, पिता के इंकार पर पिता को ईंट-कुर्सी से पीटकर उतारा मौत के घाट। 
फर्रुखाबाद। प्राप्त जानकारी के अनुसार फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में लोहिया नगर वार्ड में रविवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। किश्त पर खरीदी गई बाइक की रकम जुटाने के लिए जमीन बेचने का दबाव बना रहे बेटे ने, पिता के मना करने पर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले चारपाई पलट दी, फिर पिता को उठाकर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद कुर्सी और ईंट से ताबड़तोड़ वार कर उनकी जान ले ली। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस के अनुसार लोहिया नगर निवासी रामदास (68) रविवार रात रोजाना की तरह घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। सोमवार सुबह पड़ोसी ने घर का मुख्य गेट खोला तो चारपाई उलटी देखी। पास जाकर देखा तो रामदास का शव लहूलुहान हालत में पड़ा था। सूचना मिलने पर परिवार और पुलिस मौके पर पहुंची।
जांच में सामने आया कि आरोपी श्यामकुमार ने रविवार को ही किश्त पर एक बाइक खरीदी थी। किश्त चुकाने के लिए पहले उसने अपनी विवाहित बेटी से गहने गिरवी रखने के लिए मांगे, लेकिन उसने इनकार कर दिया। इसके बाद उसने पिता पर जमीन बेचने का दबाव बनाया। पिता के मना करने पर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि श्यामकुमार ने अपने बच्चों के साथ भी मारपीट की, जिससे वे डरकर पड़ोसी के घर जाकर सो गए।
घटना की सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक, कार्यवाहक क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन बेचने को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद की बात सामने आई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।