15 वर्षो से बदहाल धमधमा गांव की डामर सड़क, जनप्रतिनिधियों के मरम्मत कराने का वादा भी निकला अधूरा
रायबरेली विकासखंड दीनशाह गौरा के ग्राम पंचायत धमधमा में मेन चौराहे से गांव के अंदर जाने वाली डामर सड़क लंबे समय से बदहाली का दंश झेल रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, करीब 20 वर्ष पूर्व तत्कालीन ऊंचाहार विधायक अजय पाल सिंह के नेतृत्व में इस सड़क का निर्माण कराया गया था। इसके बाद से आज तक सड़क की समुचित मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे रास्ते की हालत लगातार खराब होती चली गई।
प्रदेश सरकार जहां सड़कों को गड्ढामुक्त और बेहतर बनाने के दावे कर रही है, वहीं धमधमा गांव की जर्जर सड़क इन दावों की हकीकत पर सवाल खड़े कर रही है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की दिन खराब हालत के चलते आवागमन में परेशानी होती है, लेकिन लंबे समय से उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रह चुके और वर्तमान में कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय के समक्ष भी इस सड़क की समस्या उठाई गई थी। करीब सात महीने पहले ग्राम पंचायत धमधमा में आयोजित एक बैठक के दौरान मंत्री ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया था कि डेढ़ महीने के भीतर सड़क की मरम्मत करा दी जाएगी।
लेकिन हैरानी की बात यह है कि डेढ़ महीने में काम पूरा कराने का दिया गया आश्वासन सात महीने बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं हो सका है। सड़क आज भी अपनी बदहाली पर आंसू बहा रही है और ग्रामीणों को उसी जर्जर रास्ते से गुजरना पड़ रहा है अब ग्रामीणों के मन में एक ही सवाल है कि आखिर उनकी इस समस्या का समाधान कब होगा क्या जनप्रतिनिधियों के आश्वासन केवल बैठकों और सभाओं तक ही सीमित रहेंगे क्या जिम्मेदार अधिकारियों को गांव की इस बदहाल सड़क की सुध लेने के लिए किसी बड़े हादसे का इंतजार है
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि धमधमा गांव की सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि उन्हें वर्षों पुरानी इस समस्या से निजात मिल सके। अब देखना यह होगा कि जिम्मेदारों की ओर से इस दिशा में कब तक ठोस कदम उठाया जाता है।