शाहजहाँपुर में 74वीं अंतर्जनपदीय पुलिस फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ।

शाहजहाँपुर। जनपद शाहजहाँपुर में सोमवार को जी.एफ. कॉलेज ग्राउंड पर 74वीं अंतर्जनपदीय पुलिस फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 (बरेली जोन) का भव्य शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता का उद्घाटन आयोजन सचिव एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने फीता काटकर किया।
यह प्रतियोगिता 13 से 15 जुलाई तक आयोजित की जाएगी, जिसकी मेजबानी शाहजहाँपुर पुलिस कर रही है। प्रतियोगिता का आयोजन अपर पुलिस महानिदेशक, बरेली जोन रमित शर्मा के मुख्य संरक्षण तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक, बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी के संरक्षण में हो रहा है। उद्घाटन समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
समारोह की शुरुआत विभिन्न जनपदों से आई पुलिस फुटबॉल टीमों की आकर्षक परेड से हुई। पुलिस अधीक्षक ने परेड की सलामी ली और सभी टीम मैनेजरों व आयोजन समिति के पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने कहा कि खेल पुलिस बल में शारीरिक दक्षता, मानसिक मजबूती, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं पुलिस बल के बीच आपसी समन्वय और सहयोग को और अधिक मजबूत बनाती हैं।