आईटीआई में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, 4 अगस्त तक करें आवेदन।
शाहजहाँपुर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) शाहजहाँपुर के प्रधानाचार्य अरविंद कुमार ने बताया कि प्रदेश के राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 11 जुलाई से 4 अगस्त 2026 तक वेबसाइट https://scvtup.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्रधानाचार्य ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया मेरिट के आधार पर की जाएगी। शासन की नई व्यवस्था के अनुसार कक्षा 8 एवं कक्षा 10 उत्तीर्ण छात्र दो वर्षीय आईटीआई पाठ्यक्रम करने के बाद माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित हिंदी विषय की परीक्षा व्यक्तिगत परीक्षार्थी के रूप में उत्तीर्ण कर क्रमशः हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट के समकक्ष मान्यता प्राप्त कर सकते हैं। इससे उन्हें अलग से हाईस्कूल या इंटरमीडिएट करने की आवश्यकता नहीं होगी और उच्च शिक्षा के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 से प्रदेश के राजकीय आईटीआई में टाटा टेक्नोलॉजी के सहयोग से रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिकल मोटर व्हीकल, एडवांस सीएनसी तथा 3डी प्रिंटिंग जैसे आधुनिक ट्रेडों का संचालन किया जा रहा है। इन ट्रेडों से प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
जनपद शाहजहाँपुर में वर्तमान में 3 राजकीय, 9 निजी तथा 1 पीपीपी मॉडल के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान संचालित हैं। इनकी विस्तृत जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध है।
प्रधानाचार्य ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय रहते ऑनलाइन आवेदन कर आईटीआई में प्रवेश का अवसर प्राप्त करें।
