शाहजहाँपुर के सभी 15 विकास खंडों में युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ, प्रधानमंत्री के ‘नशा मुक्त युवा’ अभियान से जुड़े।

शाहजहाँपुर। मेरा युवा भारत (MY Bharat), शाहजहाँपुर के तत्वावधान में रविवार को अकररा रसूलपुर स्थित मीटिंग हॉल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “नशा मुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान” के राष्ट्रीय लाइव प्रसारण का सामूहिक अवलोकन किया गया। इस देशव्यापी अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया। प्रसारण के दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे के विरुद्ध जनआंदोलन खड़ा करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और विकसित भारत-2047 के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में उपस्थित मेरा युवा भारत, शाहजहाँपुर के उप निदेशक माहे आलम ने युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे बड़ी आधारशिला है। उन्होंने स्वयंसेवकों का आह्वान किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों, कस्बों और शिक्षण संस्थानों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति व्यापक जागरूकता अभियान चलाएं।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद उपस्थित युवाओं ने नशामुक्त रहने और समाज को जागरूक करने की सामूहिक शपथ ली। इसके साथ ही, शाहजहाँपुर जनपद के सभी 15 विकास खंडों में भी राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों द्वारा प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण कराया गया, जिसमें जनपद भर के हजारों युवाओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के आयोजन और संचालन में राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक हर्ष पांडेय, सृष्टि मिश्रा, करन शर्मा, जहीद आलम, अमित कुमार, शिवेंद्र तिवारी और पूजा सिंह सहित जनपद के सभी स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा। अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नशामुक्त भारत का लक्ष्य जनभागीदारी से पूरा होने वाला एक राष्ट्रीय संकल्प है।