स्कूली वैन पलटने से एक दर्जन छात्र घायल, सीएचसी में चल रहा उपचार
ऊंचाहार (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के बीकरगढ़ तिराहे के पास शुक्रवार को बच्चों को स्कूल ले जा रही एक स्कूली वैन अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में करीब एक दर्जन छात्र घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पुलिस की मदद से सभी घायल छात्रों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ऊंचाहार पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों का इलाज किया जा रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना चालक की लापरवाही के कारण हुई। हादसे का शिकार हुई वैन शिव शिक्षा निकेतन, बीकरगढ़ की बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, हादसे की जानकारी मिलते ही अभिभावक भी सीएचसी पहुंच गए, जहां बच्चों का हालचाल जानने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।