रायबरेली पुलिस की बड़ी सफलता: मुठभेड़ में ज्वेलर्स चोरी गिरोह का पर्दाफाश, दो बदमाश घायल, पांच गिरफ्तार
रायबरेली। जिले के मिलएरिया थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और ज्वेलर्स चोरी गिरोह के बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की। मिलएरिया थाना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें दो बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमावा ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि लोनियन का पुरवा गांव स्थित शारदा नहर पुल के पास कुछ बदमाश चोरी के माल का बंटवारा करने के साथ नई वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि तीन अन्य आरोपियों को मौके से दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, एक स्विफ्ट डिजायर कार तथा करीब 12.80 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए। पुलिस का कहना है कि बरामद आभूषण मिलएरिया थाना क्षेत्र के तकिया चौराहा स्थित ज्वेलर्स की दुकानों और अमेठी जिले के मोहनगंज क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं से संबंधित हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरोह का एक सदस्य अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है