जल निकासी के अभाव में हैंडपंप के पास भरा दूषित पानी, राहगीर पीने को मजबूर
रायबरेली। विकासखंड दीन शाह गौरा के किशोरी बालमपुर ग्राम सभा में गदागंज थाने के सामने सुनील पान भंडार के बगल में लगा सरकारी हैंडपंप इन दिनों बदहाल व्यवस्था का शिकार है। बरसात के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण हैंडपंप के आसपास जलभराव हो गया है।
हैंडपंप के पास लंबे समय से पानी जमा रहने के कारण पीने के पानी के दूषित होने की आशंका बनी हुई है। थाने में आने वाले फरियादियों और राहगीरों को पेयजल के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। मजबूरी में कई लोग इसी हैंडपंप का पानी पीने को विवश हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है। इसके बावजूद संबंधित जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि हैंडपंप के आसपास जमा पानी की तत्काल निकासी कराकर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि राहगीरों और फरियादियों को स्वच्छ पेयजल मिल सके।