बंदर के हमले से वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल
लालगंज थाना क्षेत्र के पूरे पुराना गौरा रुपई गांव के ग्रामीण बंदरों के आतंक से बेहद परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में बंदर हैं, जो आए दिन लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीण सुधांशु ने बताया कि बंदरों के बढ़ते आतंक से लोगों में भय का माहौल है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। रविवार सुबह करीब 10 बजे गांव निवासी कलावती पत्नी स्वर्गीय मैकूलाल (75 वर्ष) अपने घर पर भोजन कर रही थीं। तभी अचानक एक बंदर ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों और ग्रामीणों ने आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लालगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार शुरू किया। ग्रामीणों ने प्रशासन से बंदरों के आतंक से निजात दिलाने के लिए जल्द से जल्द प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।