जल निकासी के अभाव में सड़क पर भरा पानी, दुकानों पर आने वाले ग्राहक हो रहे चोटिल
गदागंज के जलालपुर धई मार्ग पर नाली का पानी सड़क पर भरने से बढ़ी परेशानी, दुकानदारों ने की जल निकासी की मांग
रायबरेली। गदागंज थाना क्षेत्र के जलालपुर धई जाने वाले मार्ग के किनारे बनी नाली की उचित निकासी व्यवस्था न होने से बरसात का पानी सड़क और दुकानों के सामने जमा हो रहा है। पानी भरने के कारण राहगीरों और दुकानों पर आने वाले ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग सड़क किनारे बनी गहरी नाली का अंदाजा नहीं लगा पाते और उसमें पैर चले जाने से गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
मंगलवार सुबह से हो रही बारिश के दौरान मुजीब चूड़ी की दुकान पर खरीदारी करने पहुंची एक महिला भी पानी में छिपी गहरी नाली का अंदाजा नहीं लगा सकी और अचानक उसका पैर नाली में चला गया, जिससे वह गिरकर चोटिल हो गई दुकानदारों संदीप, मुजीब, अकमल, ब्राइट टेलर, रामनरेश समेत अन्य लोगों का कहना है कि लंबे समय से जल निकासी की समस्या बनी हुई है। बारिश के दौरान दुकानों के सामने पानी जमा होने से ग्राहकों को काफी दिक्कत होती है। दुकानदारों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और हादसों पर रोक लगाई जा सके।