पट्टेदार को कब्जा दिलाने पहुंची प्रशासनिक टीम से महिला ने की अभद्रता
गदागंज, रायबरेली। थुलरई गांव में शनिवार को पट्टेदार को भूमि पर कब्जा दिलाने पहुंची प्रशासनिक टीम का दूसरे पक्ष ने विरोध कर दिया। इस दौरान महिलाओं ने जेसीबी चालक पर हमला करने का प्रयास किया। प्रशासनिक टीम के साथ अभद्रता किए जाने से मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को संभाला।
थुलरई गांव निवासी रामकली पत्नी चौबे ने जिलाधिकारी से शिकायत की थी कि उसकी पट्टे की भूमि पर दूसरे लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। डीएम के निर्देश पर उपजिलाधिकारी डलमऊ प्रीति सिंह ने पट्टेदार को कब्जा दिलाने के निर्देश दिए थे।
शनिवार को नायब तहसीलदार वीरेंद्र कुमार सिंह, कानूनगो रामप्रकाश तिवारी और लेखपाल राकेश साहू की टीम गांव पहुंची। टीम ने भूमि की पैमाइश कराने के बाद जेसीबी से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू कराई। इसी दौरान दूसरे पक्ष की करीब 10-15 महिलाएं लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गईं और कार्रवाई का विरोध करने लगीं। महिलाओं ने जेसीबी चालक पर हमला करने का प्रयास किया। इससे चालक जेसीबी लेकर मौके से चला गया। इसके बाद महिलाओं ने प्रशासनिक टीम से भी अभद्रता की।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया। घटना के दौरान मौके पर अफरातफरी का माहौल बना रहा।
नायब तहसीलदार वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पट्टेदार को भूमि पर कब्जा दिला दिया गया है। थाना प्रभारी वागीश कुमार मिश्रा ने बताया कि नायब तहसीलदार की सूचना पर पुलिस बल मौके पर भेजा गया था। मारपीट नहीं हुई है अभद्रता करने वाले पर कार्यवाही की जाएगी।