होमगार्ड भर्ती की दौड़ में हांफे नौजवान, कई अभ्यर्थी गश खाकर गिरे
प्रतापगढ़ से रायबरेली पहुंचे अभ्यर्थियों की बिगड़ी तबीयत, जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
रायबरेली। जिले में चल रही होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के दौरान मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब शारीरिक दक्षता परीक्षा के तहत दौड़ में शामिल प्रतापगढ़ के कई अभ्यर्थियों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। कड़ी धूप और दौड़ के दौरान अत्यधिक शारीरिक परिश्रम के चलते कई अभ्यर्थी चक्कर खाकर मैदान में गिर पड़े। इससे भर्ती स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अभ्यर्थियों के जमीन पर गिरते ही मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और मेडिकल टीम ने तत्काल स्थिति संभाली। प्रभावित अभ्यर्थियों को प्राथमिक उपचार देने के बाद एंबुलेंस के जरिए रायबरेली जिला अस्पताल भेजा गया। यहां सभी को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर चिकित्सकों की निगरानी में उपचार शुरू किया गया।
जिला अस्पताल में भर्ती अभ्यर्थियों में आदित्य मिश्रा, अश्वनी विश्वकर्मा, प्रियांश शर्मा, संजय साहू, राहुल कोरी, आशीष सरोज, मो. सलाम खान, विष्णु मौर्य, शिव प्रताप पटेल और अभय सिंह यादव शामिल हैं।
अभ्यर्थियों के अनुसार दौड़ के दौरान तेज धूप और लगातार शारीरिक मेहनत के कारण अचानक कमजोरी और चक्कर की शिकायत हुई। कुछ अभ्यर्थी दौड़ते-दौड़ते बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।
वहीं, अस्पताल प्रशासन के अनुसार भर्ती कराए गए सभी अभ्यर्थियों को आवश्यक प्राथमिक उपचार दिया गया है। चिकित्सकों ने जरूरत के अनुसार उन्हें ड्रिप भी चढ़ाई। फिलहाल सभी अभ्यर्थियों की हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं।
दौड़ के दौरान बिगड़ी हालत, मेडिकल टीम ने संभाला मोर्चा
होमगार्ड भर्ती में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा में हिस्सा ले रहे हैं। ऐसे में मंगलवार को हुई इस घटना के बाद भर्ती स्थल पर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई। हालांकि समय रहते मेडिकल टीम के सक्रिय होने से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और सभी प्रभावित अभ्यर्थियों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।