कार्तिक पूर्णिमा पर डलमऊ गंगा घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी
रायबरेली। धर्म और आस्था के पावन पर्व कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर रायबरेली के ऐतिहासिक एवं पौराणिक डलमऊ गंगा घाट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। ब्रह्म मुहूर्त से ही गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। पूरा गंगा तट हर-हर गंगे और मां गंगा के जयकारों से गूंज उठा।
कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं ने पतित पावनी मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। गंगा घाटों पर मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-पाठ के चलते पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।
सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु डलमऊ पहुंचे और मां गंगा के दर्शन-पूजन के साथ पवित्र स्नान किया। आस्था, विश्वास और भक्ति का यह अद्भुत संगम डलमऊ के गंगा तट पर देखने को मिला।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए। कार्तिक पूर्णिमा के इस पावन पर्व पर डलमऊ गंगा घाट एक बार फिर आस्था और सनातन परंपरा का प्रमुख केंद्र बना रहा।