गड्ढों में तब्दील अलावलपुर-रायबरेली मार्ग, बारिश में जलभराव ने बढ़ाई राहगीरों की मुसीबत
अलावलपुर से रायबरेली जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से राहगीरों और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जलभराव के कारण सड़क और गड्ढों का अंतर दिखाई नहीं देता, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है।
बारिश के बाद मार्ग पर कीचड़ और पानी जमा होने से दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। कई स्थानों पर जलभराव के बीच से वाहन निकालना जोखिम भरा साबित हो रहा है। पैदल राहगीरों को भी गंदे पानी और कीचड़ के बीच से होकर गुजरने को मजबूर होना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों के अनुसार, मुख्य मार्ग होने के बावजूद सड़क की हालत लंबे समय से खराब है। सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में यही स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने, गड्ढों को भरने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते सड़क की स्थिति नहीं सुधारी गई तो किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है