चार माह से बांस के सहारे बिजली सप्लाई, विद्युत विभाग की लापरवाही से मंडरा रहा हादसे का खतरा
पोल टूटने के बाद ग्रामीणों ने लगाया बांस, शिकायतों के बावजूद विभाग ने नहीं ली सुध
रायबरेली। गदागंज विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के पूरे जुल्फकार अली का पुरवा मजरे धमधमा गांव में विद्युत विभाग की लापरवाही का मामला सामने आया है। करीब चार माह पहले तेज आंधी में आलम कादरी के घर के सामने विद्युत पोल टूट गया था। विभाग की ओर से नया पोल नहीं लगाए जाने के बाद ग्रामीणों ने मजबूरी में बांस का सहारा लेकर एलटी लाइन को खड़ा किया। तब से आज तक इसी अस्थायी व्यवस्था के सहारे बिजली सप्लाई जारी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बांस के सहारे दौड़ रही एलटी लाइन से हर समय हादसे का खतरा बना हुआ है। बारिश और तेज हवा के दौरान लाइन गिरने की आशंका और बढ़ जाती है। बावजूद इसके विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया।
ग्रामीण आलम कादरी, धर्मेश, यासीन, अकमल अंसारी, शकील और जावेद अंसारी ने बताया कि बिजली का पोल लगवाने के लिए कई बार गदागंज विद्युत उपकेंद्र में लिखित शिकायत दी जा चुकी है। इसके बावजूद शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की यह लापरवाही किसी दिन बड़ी घटना का कारण बन सकती है।
शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार मौन ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब विभाग को टूटे पोल की जानकारी कई महीने से है और शिकायत भी की जा चुकी है, तो आखिर नया पोल लगाने में इतनी देरी क्यों हो रही है? क्या विभाग किसी हादसे का इंतजार कर रहा है?