गदागंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी की बैटरी और झटका मशीन के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
रायबरेली। गदागंज थाना पुलिस ने खेतों की रखवाली के लिए लगाई गई झटका मशीन और बैटरी चोरी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की एक बैटरी, एक झटका मशीन तथा घटना में प्रयुक्त माइक्रो कंपनी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, गदागंज थाना क्षेत्र के गोविंदपुर माधव गांव निवासी इंद्र कुमार शर्मा ने 1 नवंबर 2026 को थाने में शिकायती पत्र देकर बताया था कि खेतों की रखवाली के लिए लगाई गई झटका मशीन और बैटरी अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी थी।
इसी क्रम में बुधवार को पुलिस ने पूरे लऊ के पुरुवा मार्ग के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अविनाश पुत्र श्यामलाल निवासी गोविंदपुर माधव, संदीप कुमार उर्फ छोटू पुत्र राकेश चौधरी निवासी भटपुरवा मजरे खोदायपुर तथा सचिन कुमार पुत्र रंजीत यादव निवासी पूरे उदऊ गोविंदपुर माधव, थाना गदागंज के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की एक बैटरी, एक झटका मशीन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विवेक सिंह, कांस्टेबल जसवंत सिंह, ध्रुव बाबू और सोनू शामिल रहे। इस संबंध में थाना प्रभारी बालेंदु गौतम ने बताया कि चोरी के सामान के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।