महापुरुषों को नमन कर करणी सेना ने यूजीसी और आरक्षण मुद्दे पर भरी हुंकार
ऊंचाहार , रायबरेली । यूजीसी , एससी एसटी एक्ट और आरक्षण के मुद्दे पर बड़ा ऐलान किया है और समरता की दुहाई देकर सवर्णो के विरुद्ध साजिश के विरुद्ध मुखर होकर लड़ने का ऐलान किया है । रविवार को क्षेत्र के जमुनापुर स्थित एक निजी मैरिज लॉन में संपन्न बैठक में करणी सेना भारत ने यह ऐलान किया है ।
संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रूपेंद्र बहादुर सिंह उर्फ नन्हे भैया के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुई बैठक में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए । बैठक में समाज के उत्थान, अधिकारों की रक्षा और विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और मां भवानी तथा महान राजपूत योद्धाओं के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया गया।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने समाज को एकजुट होकर अपने हक की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया। इस दौरान यूजीसी , एससी एसटी एक्ट के दुरुपयोग को रोकने के लिए आवश्यक संशोधन, वर्तमान आरक्षण व्यवस्था की व्यापक समीक्षा, ईडब्ल्यूएस नियमों को सरल बनाना जैसी मांग सरकार से की गई । बैठक मे सवर्ण समाज के हितों की रक्षा के लिए राष्ट्रीय स्तर पर आयोग की मांग की गई।
वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक इन न्यायसंगत मांगों पर विचार नहीं होता, तब तक संगठन का लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा। मुख्य अतिथि ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आज समाज को निराशा से बचने और मुश्किल रास्तों के बावजूद अपनी मंजिल तक पहुंचने की आवश्यकता है। उन्होंने क्षत्रिय समाज और अन्य वर्गों को एक मंच पर लाने में आने वाली चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए मजबूत संगठन का होना बेहद जरूरी है।
बैठक में जिला अध्यक्ष सत्येंद्र प्रताप सिंह उर्फ मोनू भदौरिया, युवा जिला अध्यक्ष योगेश सिंह, राजेंद्र सिंह, रिंकू सिंह, जितेन्द्र नीरज सिंह अमरदीप सिंह उदय सिंह कुलदीप सिंह और एडवोकेट विजय सिंह भदौरिया सहित तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन संगठन को धरातल पर मजबूत करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।