स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर ग्लोब पब्लिक स्कूल में निकली जागरूकता रैली।
तिलहर/शाहजहांपुर। आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर ग्लोब पब्लिक स्कूल, चौहटियां बाजार तिलहर द्वारा शनिवार को देशभक्ति एवं जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नगर के विभिन्न मार्गों पर भ्रमण किया तथा लोगों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व, राष्ट्रीय एकता, स्वच्छता और देशप्रेम का संदेश दिया।
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत नारों के माध्यम से नागरिकों को राष्ट्रहित में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। रैली के समापन के बाद विद्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अभ्यास कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का पूर्वाभ्यास किया।
विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और देशभक्ति से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्र की उन्नति और सम्मान के लिए ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का पालन करे। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी मौजूद रहे। पूरे विद्यालय परिसर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।