रायबरेली: दलित महिला ने चार लोगों पर मारपीट, घर में घुसकर धमकी देने का आरोप
रायबरेली। जनपद के डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में एक दलित महिला ने चार लोगों पर उसके पति के साथ मारपीट, जातिसूचक गाली-गलौज, बाइक में तोड़फोड़ तथा घर में घुसकर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि घटना का वीडियो भी उसके पास मौजूद है, जिसे वह पुलिस को उपलब्ध कराने के लिए तैयार है।
पीड़िता के अनुसार, घटना के बाद उसने डलमऊ कोतवाली में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की, लेकिन आरोप है कि अब तक पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है। इससे पीड़ित परिवार में नाराजगी और असंतोष है।
पीड़ित परिवार ने क्षेत्रीय दरोगा पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह आरोपियों से मिलीभगत कर कार्रवाई में जानबूझकर देरी कर रहे हैं। परिवार का कहना है कि तहरीर देने के बावजूद न तो एफआईआर दर्ज की गई और न ही आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई की गई।
पीड़िता ने प्रशासन और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।