आषाढ़ अमावस्या स्नान पर्व: कछला गंगा घाट का डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर दिया जोर।

बदायूं। आषाढ़ अमावस्या गंगा स्नान पर्व के मद्देनजर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सोमवार को जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने उझानी स्थित कछला गंगा घाट का स्थलीय निरीक्षण कर स्नान पर्व की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पार्किंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं तथा भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।
डीएम एवं एसएसपी ने पर्याप्त पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी तथा सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही घाट पर साफ-सफाई, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं और आवश्यक सुविधाओं को समय से उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
अधिकारियों ने कहा कि आषाढ़ अमावस्या स्नान पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।