पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में छात्रा की चाकू मारकर हत्या, इलाज के दौरान तोड़ा दम।

उत्तर प्रदेश। प्रदेश के पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात में पैरामेडिकल की छात्रा की सहपाठी ने चाकू मारकर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल छात्रा की बरेली के SRMS अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना में बीच-बचाव करने वाली एक महिला कर्मचारी भी घायल हुई है।
पुलिस के अनुसार, बरेली निवासी कशिश पटेल (22) पीलीभीत मेडिकल कॉलेज में पैरामेडिकल की छात्रा थीं। मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे वह कॉलेज के सीटी स्कैन कक्ष में ड्यूटी पर थीं। इसी दौरान उनके साथ पढ़ने वाला छात्र सागर (24) वहां पहुंचा। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने अपने बैग से चाकू निकालकर कशिश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि हमले के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची महिला कर्मचारी निधि भी घायल हो गईं। दोनों को तत्काल मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार देने के बाद गंभीर हालत में बरेली के एसआरएमएस अस्पताल रेफर किया गया, जहां दोपहर करीब 2 बजे कशिश ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना के बाद आरोपी सागर मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन मेडिकल कॉलेज के सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी अपने बैग में करीब 12 इंच लंबा चाकू छिपाकर लाया था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह पहले से हमले की योजना बनाकर आया था। पुलिस इस पहलू की भी गहन जांच कर रही है।
सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि छात्रा की मौत के बाद दर्ज मुकदमे में हत्या की धारा जोड़कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस दोनों छात्रों के संबंधों, विवाद के कारणों और घटना से जुड़ी सभी परिस्थितियों की जांच कर रही है, ताकि आरोपी के खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाए जा सकें।