₹4,850 करोड़ की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास।
राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी ने लखनऊ में किया शुभारंभ, प्रदेश को मिलेगी बेहतर सड़क कनेक्टिविटी।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सड़क अवसंरचना को नई मजबूती देने की दिशा में सोमवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। लखनऊ में आयोजित समारोह में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ₹4,850 करोड़ से अधिक लागत की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
इस अवसर पर कहा गया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश में विश्वस्तरीय सड़क नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है। नई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं से प्रदेश में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी, यात्रा का समय कम होगा तथा व्यापार, उद्योग और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही क्षेत्रीय विकास और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्रियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रदेशवासियों को इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात पर बधाई दी गई। वक्ताओं ने कहा कि नया उत्तर प्रदेश आज बेहतर सुरक्षा, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और सुशासन के उत्कृष्ट मॉडल के रूप में देश के सामने नई पहचान बना रहा है।