प्राथमिक विद्यालय बांसी रिहायक में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, रिटायर्ड प्रधानाध्यापक का हुआ सम्मान
रायबरेली। राष्ट्रीय पर्व 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को गदागंज क्षेत्र में हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। प्राथमिक विद्यालय बांसी रिहायक, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गुरुगुजपुर, मिनी पब्लिक स्कूल धमधमा, सनराइज पब्लिक स्कूल धमधमा समेत विभिन्न शिक्षण संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान गाया गया। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं वीर शहीदों को नमन करते हुए उनके त्याग और बलिदान को याद किया गया।
राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गुरुगुजपुर में प्रधानाचार्य पूजा भाटी ने ध्वजारोहण किया। छात्राओं ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। अपने संबोधन में प्रधानाचार्य ने कहा कि क्षेत्र के बच्चों और बालिकाओं को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना उनका प्राथमिक कर्तव्य है। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने की बात कही। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय बांसी रिहायक में प्रदेश उपाध्यक्ष प्रधान संगठन भूपेंद्र सिंह उर्फ दीपू भैया ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और ध्वजारोहण किया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों एवं विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्राथमिक विद्यालय बांसी रिहायक में 19 वर्षों तक प्रधानाध्यापक रहे राघवेंद्र सिंह का विदाई एवं सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर उन्हें अंगवस्त्र एवं चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके कार्यकाल और विद्यालय के प्रति उनके योगदान की सराहना की।
इस मौके पर भूपेंद्र सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग एवं बलिदान की याद दिलाता है। हमें उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश की प्रगति और समाज के विकास में अपना योगदान देना चाहिए।