नायब तहसीलदार ने सुनी फरियादियों की समस्याएं, दो शिकायतों का मौके पर निस्तारण
समाधान दिवस में राजस्व मामलों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
गदागंज थाना परिसर में शनिवार को नायब तहसीलदार वीरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान उन्होंने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में कुल सात शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अधिकांश शिकायतें राजस्व से संबंधित रहीं। नायब तहसीलदार ने शेष मामलों के निस्तारण के लिए राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर जांच करने तथा एक सप्ताह के भीतर शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए समाधान दिवस में पूरे झूरी मजरे खोदायपुर निवासी अनिल यादव ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वह अपनी भूमिधरी गाटा संख्या 205 में मकान का निर्माण करा रहे हैं। उनके अनुसार संबंधित लेखपाल द्वारा पूर्व में भूमि की निशानदेही भी की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद विपक्षी जबरन निर्माण कार्य रुकवा रहे हैं और फौजदारी की धमकी दे रहे हैं। मामले में नायब तहसीलदार ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
नायब तहसीलदार वीरेंद्र सिंह ने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाएगा। किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को समय सीमा के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस अवसर पर थाना प्रभारी बालेंदु गौतम, दरोगा अनिल शर्मा, ब्रह्मदेव मिश्रा, कानूनगो राम प्रकाश तिवारी, शिव प्रकाश त्रिवेदी, लेखपाल दिनेश चौरसिया, शाश्वत त्रिपाठी, प्रधान मोबीन अंसारी, प्रधान प्रतिनिधि हरिशंकर वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।