तेज रफ्तार ट्रैक्टर पलटा, 22 वर्षीय युवक की मौत, दो गंभीर घायल
रायबरेली, सरेनी थाना क्षेत्र के भोजपुर-जदईखेड़ा मोड़ पर शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 4 बजे भोजपुर कस्बे के पेट्रोल पंप के पास जदईखेड़ा मोड़ पर हुई। मृतक की पहचान रानीखेड़ा मजरे छतौना गांव निवासी सर्वेश कुमार (22) पुत्र रामकुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सर्वेश अपने दो साथियों के साथ ट्रैक्टर से जदईखेड़ा गांव सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में सर्वेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों घायल युवकों को परिजन उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए। सूचना मिलते ही सरेनी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।