राशन कोटा चयन में धांधली को लेकर एक पक्ष ने किया हंगामा, सामुदायिक विवाद की आशंका के चलते चुनावी स्थल छावनी में हुआ तब्दील।
तिलहर/
शाहजहांपुर। नगर के ग्राम डभौरा स्थित भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में एडीओ पंचायत की देखरेख में कराए गए कोटा चुनाव के लिए हुई खुली बैठक में एक पक्ष ने चुनाव अधिकारी पर उसके पक्ष के लोगों की संख्या काटकर विपक्ष को जिताने का गम्भीर आरोप लगाते हुए तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया एवं एसडीएम से चुनाव निरस्त कर दुबारा कराए जाने की पुरजोर मांग की है ।
गौर तलब है कि करीब आठ माह पूर्व गांव डभौरा की कोटेदार नजमा बेगम पत्नी मो० शफी के स्टॉक में गड़बड़ी पाए जाने पर खाद्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज किये जाने के साथ ही कोटा निरस्त कर दिया गया था। उक्त कोटा करीब पांच माह तक गांव गुलचंपा तथा करीब तीन माह गांव सरेली के कोटे से संबद्ध रहा।
इसी क्रम में शनिवार को एडीओ पंचायत सुनील कुमार त्रिवेदी की देखरेख में सचिव संतोष बाबू व सचिव राकेश कुमार वर्मा के सानिध्य में गांव के मंदिर प्रांगण में खुली बैठक कर कोटा चयन के लिए राशन कार्ड धारकों से हाथ उठवाकर चुनावी प्रक्रिया शुरू की गई। डभौरा के रमा स्वयं सहायता समूह की सृष्टि शर्मा पत्नी मुकुल शर्मा व ब्लूमिंग स्वयं सहायता समूह की फूल निशा पत्नी अरशद के बीच कोटा चयन सुबह दस बजे शुरू हुआ। यूं तो सुबह से ही यहां एसआई गौरव कुमार व एसआई मारूफ के साथ भारी पुलिस बल लगाया गया था।
अपरान्ह दो बजे सामुदायिक विवाद की आशंका की सूचना मिलते ही प्रभारी कोतवाल सुनील कुमार यादव भी एसआई रमेश कुमार वर्मा , एसआई नेहा सैनी समेत तमाम फोर्स के साथ मौके पर जा डटे। इस दौरान कार्ड धारकों को हाथ उठबाकर बाहर निकाला जा रहा था। इसी दौरान सचिव राकेश कुमार वर्मा के हाथ में कार्ड धारक मतदाताओं की सूची में 50 मतों की संख्या काटे जाने पर सृष्टि शर्मा पक्ष ने आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर सूची की फोटो खींचने की जिद की। इस दौरान राकेश शर्मा सूची लेकर नौ दो ग्यारह हो गए। बाद में एडीओ पंचायत व सचिव संतोष बाबू खिसक लिए।
इस दौरान 50 मत काटी गई सूची में सृष्टि शर्मा के पक्ष में 469 मत दृश्य गए। जबकि फूल निशा ने उन्हें 491 मत मिलने की पुष्टि की। हालांकि चुनाव अधिकारियों के फोन स्विच ऑफ होने के चलते उनसे अधिकृत मतों की पुष्टि नहीं हो सकी। सृष्टि शर्मा पक्ष की ओर से एसडीएम नीलिमा यादव से फोन पर शिकायत दर्ज कराई गई। इस दौरान चुनाव कराने आए अधिकारियों के फोन स्विच ऑफ हो जाने पर सैकड़ों लोग ब्लॉक मुख्यालय पर जा धमके। यहां किसी के न मिलने पर भीड़ तहसील पहुंची। यहां जोरदार प्रदर्शन किया। और एसडीएम की गैर मौजूदगी में शिकायती पत्र उनके स्टेनो बाबू सौरभ त्रिपाठी को सौंपते हुए आज की चुनावी प्रक्रिया निरस्त कर दुबारा कराए जाने की मांग की ल। उधर एसडीएम नीलिमा यादव ने बताया कि वह वेरिफिकेशन कराएंगी। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होने दी जाएगी।