गदागंज पावर हाउस क्षेत्र में दिन हो या रात घंटों की अघोषित बिजली कटौती से जनता बेहाल
रायबरेली। गदागंज पावर हाउस क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली रोस्टिंग और घंटों की अघोषित कटौती से भीषण गर्मी में आम जनता बेहाल है। दिन हो या रात, बार-बार बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सरकार की ओर से 24 घंटे विद्युत आपूर्ति के किए जा रहे दावे जमीनी हकीकत से दूर नजर आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के इस मौसम में बिजली कटौती ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। कई-कई घंटे बिजली गायब रहने से घरों में लगे पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण बेकार साबित हो रहे हैं। रात के समय बिजली कटौती होने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिना किसी स्पष्ट सूचना के लगातार रोस्टिंग की जा रही है। बिजली आने-जाने का कोई निश्चित समय न होने के कारण लोगों के दैनिक कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने के बावजूद उन्हें पर्याप्त विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पा रही है।
क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से व्यवस्था में तत्काल सुधार करने, अनावश्यक रोस्टिंग पर रोक लगाने और निर्धारित शेड्यूल के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्हें विभाग के खिलाफ आवाज उठाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।