सावन में कांवड़ यात्रा को लेकर रायबरेली प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने गंगाघाटों व शिव मंदिरों का किया निरीक्षण
रायबरेली। सावन मास में कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रायबरेली जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका एवं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने जिले के प्रमुख गंगाघाटों और शिव मंदिरों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गेगासों गंगा घाट सहित जिले के अन्य प्रमुख गंगाघाटों एवं शिव मंदिरों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को गंगा घाटों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग कराने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने तथा भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने शिव मंदिरों में साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय एवं कांवड़ियों के विश्राम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात प्रबंधन तथा लगातार गश्त करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।