राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी ने शाहजहांपुर में सुनीं महिलाओं की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश।
शाहजहांपुर, 25 जुलाई। राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सुजीता कुमारी ने शनिवार को शाहजहांपुर का दौरा कर महिला जनसुनवाई, अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक तथा ब्लॉक बंडा में आयोजित जागरूकता चौपाल में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से जुड़ी शिकायतों की सुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
विकास भवन सभागार में आयोजित महिला जनसुनवाई कार्यक्रम का शुभारंभ जिला प्रोबेशन अधिकारी अश्वनी कुमार ने किया। जनसुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न, विधवा एवं परित्यक्ता महिलाओं की समस्याएं, आर्थिक सहायता, सुरक्षा, शिक्षा और बच्चों की सुपुर्दगी सहित विभिन्न मामलों पर सुनवाई की गई। कुल 14 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 6 घरेलू हिंसा, 2 जमीन विवाद, 2 गिरफ्तारी, 1 बच्चों की सुपुर्दगी, 2 लड़ाई-झगड़े तथा 1 आटा चक्की हटाए जाने से संबंधित मामला शामिल था।
राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी ने कहा कि महिला कल्याण विभाग महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने महिलाओं से बिना किसी संकोच के अपनी शिकायत दर्ज कराने की अपील की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी अश्वनी कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ. मोहम्मद आसिफ, महिला थाना प्रभारी रश्मि, एडीओ समाज कल्याण, जिला समाज कल्याण अधिकारी संजीव, जिला सूचना अधिकारी बाबूराम, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के पीएलवी, पत्रकारगण तथा महिला कल्याण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला प्रोबेशन अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
इसके बाद ब्लॉक बंडा परिसर में जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। यहां महिला कल्याण, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, दिव्यांगजन सशक्तिकरण तथा बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर अपनी योजनाओं की जानकारी दी। राज्य महिला आयोग की सदस्य ने स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
ब्लॉक सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, स्वयं सहायता समूहों, आशा कार्यकर्ताओं, केयरटेकर तथा ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के साथ महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वरोजगार एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा महिला कल्याण विभाग की टीम मौजूद रही।