ऊंचाहार बस स्टॉप से रेलवे स्टेशन तक की सड़क बदहाल, गड्ढों और जलभराव से यात्री व स्कूली बच्चे परेशान
रायबरेली ऊंचाहार बस स्टॉप से रेलवे स्टेशन को जाने वाली मुख्य सड़क पूरी तरह जर्जर होकर गड्ढों में तब्दील हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे होने के साथ जलभराव की स्थिति बनी रहती है, जिससे रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसी मार्ग पर प्रतिदिन सैकड़ों स्कूली बच्चों का यात्रियों का आवागमन होता है। सड़क की बदहाल स्थिति और जलभराव के चलते कई बार लोग फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे उन्हें चोटें भी लग रही हैं। स्थानीय लोगों में इस समस्या को लेकर लगातार नाराजगी बढ़ रही है।
स्टेशन अधीक्षक विनोद तिवारी ने बताया कि इस सड़क के निर्माण के लिए संबंधित विभाग को कई बार पत्राचार एवं शिकायतें भेजी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि सड़क की दुर्दशा के कारण यात्रियों और स्कूली बच्चों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।