*रायबरेली में धूमधाम से निकली तिरंगा यात्रा, डीएम सरनीत कौर ब्रोका ने किया हर घर तिरंगा फहराने का आह्वान, खुद हाथ में तिरंगा लेकर बच्चों के साथ निकल पड़ी*,
रायबरेली। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को रायबरेली में पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल के बीच भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) परिसर से शुरू हुई यह यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई अस्पताल चौराहा, सुपर मार्केट, घंटाघर सहित विभिन्न प्रमुख चौराहों से होकर गुजरी। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के गगनभेदी नारों के साथ लोगों में देशभक्ति का संदेश दिया।
यात्रा में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका, मुख्य विकास अधिकारी अंजू लता, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, एनसीसी और एनएसएस के छात्र-छात्राएं तथा आम नागरिक शामिल हुए। हालांकि, चर्चा का विषय यह भी रहा कि जिले के कुछ जिम्मेदार अधिकारी इस महत्वपूर्ण तिरंगा यात्रा में शामिल नहीं हुए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार 13 अगस्त को तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा में स्कूली बच्चों, आम नागरिकों, एनसीसी और एनएसएस के विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई, ताकि स्वतंत्रता दिवस के उत्सव का शुभारंभ पूरे उत्साह के साथ किया जा सके।
जिलाधिकारी ने जिलेवासियों को आगामी 15 अगस्त की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि प्रत्येक नागरिक अपने घर पर तिरंगा अवश्य फहराए और “हर घर तिरंगा” अभियान को जन-जन का अभियान बनाएं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रध्वज केवल हमारी पहचान नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और बलिदान का प्रतीक है।
पूरी तिरंगा यात्रा के दौरान शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया और बच्चों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम ने स्वतंत्रता दिवस के प्रति नागरिकों में नई ऊर्जा और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।