अफीम तस्करी में दो आरोपी गिरफ्तार, 751 ग्राम अफीम, बाइक व मोबाइल बरामद।
तिलहर/शाहजहाँपुर। थाना तिलहर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 751 ग्राम अवैध अफीम, एक मोटरसाइकिल और दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 04 अगस्त 2026 की रात लगभग 8:23 बजे मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने बरेली-लखनऊ हाईवे पर ग्राम धनेली पल्टू स्थित लाल पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा।
पकड़े गए अभियुक्त, अनवर (26 वर्ष) पुत्र अब्दुल हसन, निवासी मोहल्ला इस्लामनगर, थाना कटरा, शाहजहाँपुर तथा जिशान (24 वर्ष) पुत्र शरीफ, निवासी मोहल्ला इस्लामनगर, थाना कटरा, शाहजहाँपुर। तलाशी लेने पर अभियुक्तों के पास से 751 ग्राम अवैध अफीम और दो वीवो कंपनी के टचस्क्रीन मोबाइल फोन बरामद हुए। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही काले रंग की मोटरसाइकिल (UP 27 BL 7863) को पुलिस ने धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया है।
मामले में थाना तिलहर पर मु०अ०सं 417/2026, धारा 8/18/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रिंस शर्मा, उप निरीक्षक गौरव कुमार, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार व कांस्टेबल जोनी कुमार शामिल रहे।