कई आटा मिलों पर छापेमारी, खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे।

शाहजहांपुर। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शाहजहांपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित आटा निर्माण इकाइयों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर औचक निरीक्षण किया। इस कार्रवाई के दौरान खाद्य पदार्थों के कुल आधा दर्जन से अधिक नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-ग्रेड-2 के नेतृत्व में खाद्य सचल दल ने जमौर स्थित विनायक फ्लोर मिल पर छापेमारी की। गुणवत्ता में संदेह होने पर यहां से आटा (01), रवा (01) और मैदा (01) के कुल तीन नमूने संग्रहित किए गए। निरीक्षण के दौरान इकाई में रखरखाव संबंधी कमियां और गंदगी मिलने पर संचालक को सुधार सूचना (इंप्रूवमेंट नोटिस) जारी की गई।
इसके अलावा, कटरा रोड (खुदागंज, तिलहर) स्थित श्री लक्ष्मी नारायण ट्रेडर्स से आटा का 01 नमूना लिया गया। वहीं, बहादुरगंज (तिलहर) स्थित मैसर्स शिव भोज आटा निर्माण इकाई के निरीक्षण में कमियां पाए जाने पर सुधार नोटिस दिया गया। निगोही रोड (बलेली) स्थित ए०आई० फूड इंडस्ट्रीज पर कार्रवाई करते हुए 01 अनियन पाउडर (Onion Powder) और 01 रस्क का नमूना लिया गया।
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एकत्र किए गए सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। टीम ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान किसी भी इकाई पर कोई अपमिश्रक (मिलावटी) या अखाद्य पदार्थ नहीं पाया गया। इस पूरी निरीक्षण कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी सहित खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनय कुमार यादव, मानवेंद्र कुमार, वरुण कुमार, सौरभ सोनी, अजीत कुमार, मनोज कुमार और डॉ. विवेक कुमार वर्मा शामिल रहे।